िला अस्पताल में भर्ती घायल संतोष।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
लोटन कोतवाली क्षेत्र के सपही गांव में शनिवार की रात नकाबपोश बदमाशों ने दो युवकों पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडे से मारपीट के बाद बदमाश एक युवक के पास मौजूद नकदी, आभूषण व अन्य सामान ले भागे। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। हमले का कारण पुराना विवाद माना जा रहा है।
सपही गांव में शनिवार रात वैवाहिक कार्यक्रम था। शिवपूजन का पुत्र संतोष (23) व रामचरित्र का पुत्र सुधाकर (25) इसमें शामिल होने गए थे। इसी दौरान आयोजन स्थल के समीप कुछ लोगों ने दोनों युवकों पर हमला बोल दिया।
पीड़ित युवकों के मुताबिक करीब आधे दर्जन की संख्या में हमलावरों का चेहरा ढका हुआ था। लाठी-डंडे से प्रहार किया। हमले के बाद बदमाश संतोष के पास से 10 हजार नकदी, सोने की चेन, अंगूठी सहित अन्य सामान लेकर भाग गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे आस-पास के लोगों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हमले में संतोष के सिर, हाथ-पैर व पेट में गंभीर चोट आई है, जबकि सुधाकर के चेहरे पर चोट आई।
इस संबंध में एएसपी मंशाराम गौतम का कहना था कि मारपीट की घटना की सूचना मिली है। प्रथम दृष्टया मामला लूट का नहीं लग रहा। पीड़ितों के बताए अनुसार चार आरोपियों की पहचान की जा चुकी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 5 मई को गांव में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम के दौरान भी इन युवकों का महराजगंज से आई बारात में शामिल कुछ युवकों से विवाद हुआ था। शनिवार की रात भी गांव में बारात आई थी। हर पहलू को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।