अल्लापुर गांव में चोरों ने घर में लगाई सेंध।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
डुमरियागंज। थाना क्षेत्र के अल्लापुर गांव में सोमवार की रात सेंध लगाकर घर में घुसे चोरों ने लाखों का माल उड़ा दिया। घरवालों को सुबह घटना की जानकारी हुई। कुछ ही दूरी पर सूटकेस टूटी हालत में मिला। करीब 5 लाख के आभूषण व 10 हजार नकदी चोरी जाने की बात बताई गई है। घटना से क्षेत्रवासियों में भय है, वहीं पुलिस ने तहरीर मिलने से इनकार किया है।
अल्लापुर गांव निवासी अंदुवारे के परिवार के सदस्य सोमवार की रात खा-पीकर सभी सो गए थे। रात में चोरों ने उसके मकान के उत्तरी दीवार में सेंध लगा दी। फिर अंदर घुसकर कमरे में रखी अटैची व लकड़ी का बक्सा खोल कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण व नकदी समेट ले गए।
सुबह घरवालों की नींद खुली तो कमरे का अस्त-व्यस्त हाल देख सन्न रह गए। ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की तो घर से कुछ दूरी पर चोरी हुई अटैची टूटी हालत में मिली। गृहस्वामी अंदुवारे के मुताबिक चोर तीन जोड़ी झुमकी, झाला, दो मंगलसूत्र, एक हार, दो नथुनी समेत पांच लाख के आभूषण ले गए हैं।
बॉक्स में 10 हजार रुपये नगदी व कीमती कपड़े भी थे। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी है। इस संबंध में डुमरियागंज थानाध्यक्ष गोपालजी यादव ने बताया कि अल्लापुर गांव में सेंधमारी की घटना की जानकारी नहीं है। हलका दरोगा से मामले की जांच करवाता हूं। अगर कोई तहराीर मिलेगी, तो कार्रवाई की जाएगी।