जिला अस्पताल में भर्ती मोटरसाइकिल की टक्कर से घायल युवक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु कोतवाली के चैनपुर चौराहा के पास शनिवार को बाइक की टक्कर से एक बाइक सवार युवक गिर गया। वहीं सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्कार्पियो ने उसे कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को आस-पास के लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हादसे में युवक का एक पैर कटकर अलग हो गया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
नेपाल के तौलिहवा थाना क्षेत्र के गोबरी गांव निवासी धमेंद्र चौधरी शनिवार को बाइक से जिले के भीमापार गांव आ रहे थे। उन्हीं के साथ गांव के ही उनके मित्र 28 वर्षीय ज्ञान बहादुर ठाकुर पुत्र माता शरण ठाकुर भी आ रहे थे। अभी वह भारतीय सीमा में कपिलवस्तु कोतवाली के चैनपुर चौराहा के पास पहुंचे ही थे कि नौगढ़ की तरफ से जा रही बाइक से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इससे ज्ञान बहादुर सड़क पर गिर गए। तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्कार्पियो उन्हें रौंदते हुए निकल गई।
मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने ज्ञान बहादुर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां एक पैर कटने और हालत को गंभीर देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया है। डॉक्टरों के मुताबिक एक पैर कटकर अलग हो गया था।