एक्सीडेंट के बाद ट्रेक पर पड़ी लाशें
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। थाना क्षेत्र के छतहरा गांव के पास रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार की रात करीब साढ़े दस बजे लखनऊ से गोरखपुर आ रही इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक रेलवे लाइन पर बैठकर मोबाइल से बात कर रहा था, तभी ट्रेन की चपेट में आकर वह कट गया जिससे उसकी मौत हो गई। युवक छतहरा गांव का निवासी था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के छतहरा गांव निवासी बबलू विश्वकर्मा (30) पुत्र सीताराम की शुक्रवार की शाम घूमने के लिए घर से निकला था। लोगों की माने तो बबलू रेलवे लाइन पर बैठकर मोबाइल फोन से बात कर रहा था। तभी ट्रेन आ गई और उसकी चपेट में वह आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से शव की शिनाख्त की। वहीं, परिजनों की मौजूदगी में युवक की पहचान बबलू के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि छतहरा गांव निवासी बबलू (30) की ट्रेन से कटकर मौत हो गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।