बादशाहनगर (लखनऊ) से गोरखपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन में गुरुवार की शाम चिल्हिया स्टेशन के पास डेढ़ दर्जन से अधिक युवकों ने धावा बोलकर लूटपाट की कोशिश की। युवकों ने यात्रियों से मारपीट भी की। कई सामान छीन ले गए। यात्रियों के लामबंद होने के बाद उपद्रवी फरार हो गए। इस मामले में यात्रियों ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी। हालांकि किसी ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है।
बादशाहनगर से गोरखपुर जा रही पैसेंजर टे्रन गुरुवार की शाम करीब सवा पांच शोहरतगढ़ स्टेशन से रवाना हुई। यात्रियों के मुताबिक ट्रेन के चिल्हिया स्टेशन पहुंचने से करीब एक किमी पहले केसारा नहर के पास अज्ञात युवकों ने ट्रेन रोक दिया।
अचानक से डेढ़ दर्जन युवक पीछे से तीसरी बोगी में घुसकर लटपाट करने लगे। बोगी में सवार फरेंदा की जायदा, शाहजहां, नूरजहां, हीना आदि महिलाओं के मुताबिक युवक मारपीट करते हुए पास स्थित सामान छीनने लगे।
कइयों के गले से चेन, नगदी लूटने लगे। अचानक हुई घटना से यात्री पहले सहम गए, मगर जब संभल कर विरोध जताया तो युवक टे्रन से कूदकर भाग गए। इस दौरान करीब एक-दो मिनट तक ट्रेन नहर के पास रूकी रही।
ट्रेन चिल्हिया स्टेशन पहुंची तो यात्रियों ने इसकी सूचना स्टेशन प्रशासन को दी। सहायक स्टेशन मास्टर अरविंद कुमार ने बताया कि स्टेशन से एक किमी पहले केसारा नहर के पास ट्रेन रोककर कुछ युवकों के उपद्रव की सूचना मिली थी। तत्काल इस बारे में पुलिस को अवगत करा दिया गया।
यात्रियों ने कोई लिखित शिकायत नहीं दिया है। उधर, एसओ अनिल शर्मा का कहना था कि ट्रेन में लूटपाट की घटना संज्ञान में नहीं है। वैसे भी ट्रैक पर हुई घटना जीआरपी के क्षेत्र में होती है। केसारा मजार के पास मेले में मारपीट के बारे में जानकारी मिली थी, जिस पर कार्रवाई की गई।