डुमरियागंज। खेत में पत्ते बीनने गई किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने विरोध करने पर किशोरी की पिटाई की और उसे निर्वस्त्र कर दिया। शोर-गुल सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो युवक मौके से फरार हो गया। वह किशोरी के कपड़े भी ले भागा। घटना भवानीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की शुक्रवार की शाम की है। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही युवक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश की जा रही है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि उसकी बेटी (16) खेत में सूखे पत्ते बीनने गई थी।
इसी बीच उसे अकेला पाकर गांव का ही एक युवक वहां धमक पड़ा और छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर किशोरी को मारा-पीटा और उसके कपड़े फाड़कर उसे निर्वस्त्र कर दिया। किशोरी की चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग खेत की ओर दौड़े तो युवक किशोरी को उसी हाल में छोड़कर भाग खड़ा हुआ। उसके कपड़े भी साथ ले गए। गांव की महिलाओं ने किसी तरह किशोरी को ढककर घर पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर भवानीगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष ओमप्रकाश यादव ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी जल्लू के विरुद्ध मारपीट, छेड़खानी, पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।