दवा कराने के नाम पर गांव के एक युवक ने एक बुजुर्ग का धोखे से खेत लिखवा लिया। रजिस्ट्री ऑफिस में रजिस्ट्रार ने पैसा मिलने के बारे पूछा तब धोखाधड़ी की जानकारी हुई। वहीं दिल का दौरा पड़ने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक का नाम राम निवास चौधरी (70) व थाना ढेबरूआ के ग्राम झिंगहा निवासी बताया जा रहा है। घटना गुरुवार देर शाम की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक की तबीयत काफी दिनों से खराब चल रही थी। गांव के युवक ने मृतक से कहा कि शोहरतगढ़ में अच्छे डॉक्टर हैं, उनको दिखा कर दवा ले आते हैं। बुजुर्ग को लेकर युवक रजिस्ट्री ऑफिस पहुंच गया और पहले से तैयार दस्तावेजों पर अंगूठा लगवा लिया।
रजिस्ट्रार ने फोटो को तस्दीक कराने के लिए बुजुर्ग को बुलाया। पूछा कि खेत बेचने के बाद बकाया रकम 3 लाख 60 हजार रुपये मिले की नहीं। इस पर रामनिवास चौधरीने रजिस्ट्रार से कहा कि कैसी रकम, तो उन्होंने कहा कि खेत बेचा है उसका।
इतना सुनते ही रामनिवास को हार्टअटैक हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस दौरान युवक वहां से भाग गया। इस संबंध में सीओ शोहरतगढ़ शंकर प्रसाद ने कहा कि मामला संज्ञान में है। ग्रामीणों ने बताया है कि पीड़ित की मौके पर ही मौत हो गई है।
मृतक के परिवार में सिर्फ छोटे बच्चे ही हैं। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, एसडीएम सुरेंद्र नाथ मिश्र ने मामले से अनभिज्ञता जताई है। अगर पुलिस कोई कार्रवाई कर रही है तो तहसील प्रशासन हर तरह मदद के लिए तैयार है।