डुमरियागंज। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के सोहना गांव में शुक्रवार रात भूमि विवाद का मामला इस कदर बढ़ गया कि एक भाई ने जमीन के लिए दूसरे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। भाई को बचाने के लिए आए पिता पर भी हमला कर जख्मी कर दिया। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों के बीच बचाव के बाद मामला शांत हुआ तो दोनों को डुमरियागंज सीएचसी पर भर्ती कराया गया। जहां शनिवार की सुबह भनवापुर सीएचसी ले आए। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
क्षेत्र के सोहना गांव निवासी दीने (58) के दो बेटे विजय कुमार (43) और ओमप्रकाश (38) हैं। दीने ने करीब एक साल पहले छोटे बेटे को पुश्तैनी मकान देने और बड़े बेटे को घर के बगल स्थित खाली जमीन में नया मकान बनाने की बात कहकर बंटवारा कर दिया था। इसके बाद दोनों बंटवारे को लेकर रजामंद हो गए थे। मकान बनने के दौरान विजय मुंबई कमाने के लिए चला गया।
इससे मकान पर छत नहीं लगा था। करीब एक सप्ताह पहले मुंबई से वापस आए विजय ने अर्द्धनिर्मित मकान को बनवाना शुरू किया तो ओमप्रकाश ने पुश्तैनी मकान के बजाए नया मकान लेने की बात कही। शुक्रवार की देर शाम इसी बात को लेकर दोनों भाइयों में कहासुनी हो गई।
इसमें दीने ने भी हस्तक्षेप करने के लिए पुराने हुए बंटवारे पर कायम रहने की बात कही। इस पर ओमप्रकाश घर के अंदर रखे धारदार हथियार से विजय पर हमला कर दिया। बचाने के दौरान दीने के दोनों हाथों में भी कोइता के वार से गहरा जख्म हो गया। हमले से दोनों का शरीर लहूलुहान हो गया। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। बाद में दोनों को परिवार के लोग भनवापुर पीएचसी पर ले गए। जहां किसी भी स्वास्थ्य कर्मी के न मिलने पर घायलों को डुमरियागंज लाकर इलाज करवाया गया।
इसके बाद शनिवार की सुबह परिवार के लोगों ने घायलों को भनवापुर ले जाकर इलाज करवाया। इस संबंध में त्रिलोकपुर एसओ ओमप्रकाश चौबे ने बताया कि घायलों की तरफ से तहरीर मिली है। हमलावर भाई फरार है। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए भेजा गया है। आरोपी भाई की तलाश जारी है।