चिल्हिया थाना क्षेत्र के हथियागढ़ गांव में शुक्रवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में महिला ने फंदे पर लटककर जान दे दी। ग्रामीणों की मौजूदगी में परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चिल्हिया थाना क्षेत्र के हथियागढ़ गांव निवासी उदयराज की पत्नी 32 वर्षीय कमलावती घर में अकेली थी। अपराह्न को अचानक कमरे में जाकर फंदे पर लटक गई। कुछ देर बाद किसी ने खिड़की से कमरे के अंदर शव लटकता देखा तो सूचना परिजनों को दी।
कुछ ही देर में मायके व ससुराल के लोग भी पहुंच गए। थानाध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि गांव के लोगों ने दरवाजा तोड़कर शव को उतारा व घटना की सूचना पुलिस को सौ नंबर पर दी। मौके पर ससुराल व मायका पक्ष के लोग मौजूद रहे। घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।