शोहरतगढ़ तहसील परिसर में पकड़ा गया ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शोहरतगढ़। अवैध तरीके से जा रहा खाद्यान्न लदा ट्रक प्रशासन ने बुधवार को पकड़ लिया। चालक के पास से पुराना गेट पास मिला है। कार्रवाई तुलसियापुर चौराहे पर हुई। ट्रक इटवा की ओर से आ रहा था। छानबीन के बाद 30 हजार जुर्माना के बाद ट्रक व खाद्यान्न छोड़ दिया गया।
तहसील क्षेत्र के थाना ढेबरुआ से चार किमी दूर आरकेबीके टेडर्स से ट्रक पर गेहूं लेकर चालक नेपाल की तरफ जा रहा था। एसडीएम ओमप्रकाश गुप्ता, आपूर्ति निरीक्षक फणीश्वर मणि त्रिपाठी व मंडी समिति सचिव रामजी यादव की संयुक्त टीम ने रुट चेकिंग के दौरान ट्रक को तुलसियापुर चौराहे के पास रोक लिया। पूछताछ में चालक कमलेश यादव ने बताया कि इटवा बाजार से खाद्यान्न लेकर वह नेपाल की ओर जा रहा था।
एसडीएम ने कागजात चेक किया तो उसके पास 26 जून का गेट पास था। टीम ने चालक समेत वाहन पर लदे गेहूं को कब्जे में लेते हुए तहसील परिसर ले आई। इस संबंध में एसडीएम ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि रुट चेकिंग के दौरान इटवा से आ रही ट्रक पर 250 बोरी में 150 क्विंटल गेहूं लदा था। पुराना गेट पास होने के कारण पांच गुना अर्थदंड रुपया 30 हजार जमा करा कर ट्रक को छोड दिया गया। एसडीएम ने यह भी बताया कि आरकेबीके टेडर्स इटवा पर इससे पूर्व भी रुपया 82 हजार का जुर्माना हुआ है।