सिद्धार्थनगर। जिले में आग का कहर लगातार जारी है। सोमवार को भी अलग-अलग क्षेत्रों में लगी आग से सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल जल गई। दर्जनों आशियाने आग की भेंट चढ़ गए।
भनवापुर में आग की चपेट में आने से वृद्ध की मौत हो गई। वहीं इसी क्षेत्र में सदमे से गर्भवती महिला ने दम तोड़ दिया। देर शाम तक आग का कहर बना रहा। पथरा, डुमरियागंज, भवानीगंज, मोहाना, ढेबरुआ थाना क्षेत्रों में सर्वाधिक असर रहा।
त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र में आग के कहर ने एक दर्जन गांव की करीब 3000 बीघा फसल जला दिया। आग करीब 12 बजे बलरामपुर बार्डर के कुड़ी गांव स्थित बंधे से के पास से शुरू हुई, जो सिकंदरपुर, मछली गांव के सिवान को घेर लिया। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए ट्रैक्टर व पंप सेट लगाकर गांव को बचा लिया।
गांव को आग से घिरा देख महिलाएं और बच्चे घर छोड़कर गांव से बाहर आ गए। आग से मछली गांव के दक्षिण नहर किनारे दीपू कहार का छप्पर का मकान जल गया। मनिकौर के अंगद गुप्ता व राजेंद्र पांडेय की फसल जल गई। गुलरिहा, रोहांव खुर्द, इजरहवा, घमरवा, सोहना में भी आग का कहर रहा। एसओ त्रिलोकपुर फोन लगाते रहे, लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंची।