बांसी क्षेत्र में गिरा कच्चा मकान।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
पथरा थाना क्षेत्र के कम्हरिया बुजुर्ग गांव में बुधवार की सुबह कच्ची मिट्टी की दीवार ढहने से तीन वर्षीय बालिका की मौत हो गई। हादसे में बुआ घायल हो गई। उसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। कम्हरिया बुजुर्ग गांव निवासी कालीचरण फूस के कच्चे मकान में परिवार सहित रहता है।
घर की दीवार मिट्टी की है। कालीचरण की तीन वर्षीय पुत्री रोशनी अपनी बुआ कुमकुम (27) के साथ घर में खेल रही थी। बुधवार की सुबह नौ बजे अचानक घर के मिट्टी की दीवार गिर गई। रोशनी व उसकी बुआ कुमकुम दीवार के नीचे दब गई।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने काफी प्रयास कर दोनों को मलबे से बाहर निकाला। तब तक रोशनी की मौत हो चुकी थी। बुरी तरह जख्मी कुमकुम को पथरा बाजार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। बालिका की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता कालीचरण व मां बेटी के विलाप को देख सांत्वना देने पहुंचे लोगों की आंखें भी डबडबा गई।