परसा। बढ़नी स्थित पीडब्लूडी डाक बंगले पर कार्यरत कर्मचारी के खाते से एक जालसाज ने हेराफेरी कर एक लाख दस हजार रुपये उड़ा दिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ढेबरुआ क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी कल्लू बढ़नी पीडब्लूडी डाक बंगले में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पद पर कार्यरत है। उनका एसबीआई बढ़नी में बैंक खाता है। कल्लू का एटीएम कार्ड किसी तरह से बलरामपुर के लैबुड़वा निवासी रामपाल पुत्र चिनकू के हाथ लग गया। रामपाल ने खाते से एक लाख दस हजार रुपये निकाल लिए। इसमें 70 हजार रुपये एटीएम से निकाला और 40 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया। 15 नवंबर को जब कल्लू, पैसा निकालने के लिए पासबुक लेकर बैंक गया तब पता चला कि खाते से एक लाख दस हजार रुपये निकाले गए हैं।
हकीकत जानने के बाद बैंककर्मियों ने कल्लू के खाते से लेन-देन चेक किया तो पता चला कि 70 हजार रुपये एटीएम से निकाला गया है और 40 हजार रुपये एसबीआई तुलसियापुर से रामपाल के खाते में ट्रांसफर हुआ है। पीड़ित ने इसकी जानकारी तुलसियापुर के शाखा प्रबंधक को दी। शाखा प्रबंधक मदन गोपाल श्रीवास्तव ने बहाने से रामपाल को बैंक बुलवाया और ढेबरुआ पुलिस को सौंप दिया। इस संबंध में प्रभारी थाना निरीक्षक अखिलानंद उपाध्याय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।