यूपी-बिहार के विभिन्न जिलों में हत्या, लूट, डकैती की आधा दर्जन से अधिक घटनाओं में शामिल गिरोह के सरगना समेत छह सदस्यों को पुलिस ने सोमवार रात गिरफ्तार किया है। मोहाना थाना क्षेत्र के चिल्हिया रोड पर रात करीब डेढ़ बजे मुठभेड़ के दौरान पुलिस को यह कामयाबी मिली।
पकड़े गए बदमाश पश्चिमी यूपी के कन्नौज और मुरादाबाद जिले के निवासी हैं। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में बदमाशों ने लखनऊ, बलिया, कन्नौज, हापुड़ व बिहार के छपरा, पटना में हुई हत्या और डकैती की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है।
पकड़े गए बदमाशों को मीडिया के समक्ष पेश करते हुए एसपी अजय कुमार साहनी ने बताया कि मोहाना थाना क्षेत्र में बदमाशों के मौजूदगी की सूचना पर टीम गठित की गई थी। टीम ने रात करीब डेढ़ बजे मोहाना थाना क्षेत्र के मोहाना-चिल्हिया रोड पर बदमाशों की घेरेबंदी की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की।
कुछ ही देर में पुलिस टीम ने बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों में कन्नौज के तिरवा थाना क्षेत्र के माहिम उर्फ गोली, इफ्तिखार उर्फ बुलट राजा, रिज्जू उर्फ तालिब, मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के मोबीन उर्फ सब्बू, मीरहसन व सलमान हैं।
यह बदमाश हापुड़ के पिलुखवा में हुई हत्या व लूट समेत लखनऊ, बलिया, कन्नौज, फर्रुखाबाद जिले में हुई डकैती में शामिल रहे हैं। इन्होंने बिहार के छपरा व पटना जिले में हुई डकैतियों में भी संलिप्तता स्वीकार की है।
बदमाशों के पास से पुलिस ने 32 बोर का पिस्टल, कंट्री मेड 315 बोर व 12 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस, 20 हजार नकद, तीन डंडे बरामद हुए हैं। एसपी ने बताया कि संबंधित जिले की पुलिस को इस बारे में जानकारी दे दी गई है। हापुड़ से स्वाट टीम पूछताछ के लिए पहुंच गई है। जल्द ही अन्य जिलों की टीम भी जिले में आएगी।