गेहूं खरीद के लिए मालीपुर बाजार स्थित स्टेट बैंक शाखा से धनराशि निकाल कर बाइक से घर जा रहे एक आढ़ती से बाइक सवार बदमाशों ने असलहे की नोक पर 2 लाख 53 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद हवा में असलहा लहराते हुए बदमाश वहां से भाग खड़े हुए।
दिनदहाड़े दुस्साहसिक ढंग से हुई लूट से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
बाद में पुलिस ने पीड़ित के साथ बैंक पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे की सहायता से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया। समाचार भेजे जाने तक केस दर्ज करने की तैयारी चल रही थी।
जानकारी के मुताबिक मालीपुर थाना अन्तर्गत कालेपुर महुवल गांव निवासी राजेंद्र प्रताप पुत्र रामलौट गांव में ही आढ़त का कार्य करता है। किसानों से खरीदे गए गेहूं का भुगतान करने के लिए वह मंगलवार को स्टेट बैंक की मालीपुर बाजार स्थित शाखा गया।
वहां से उसने 2 लाख 53 हजार रुपये निकाले और उसे बाइक की डिक्की में रख दिया। दोपहर बाद वह बाइक से वापस गांव जाने लगा। जब वह सैरपुर रेल क्रॉसिंग के निकट पहुंचा, तो उसी दौरान पीछे से आए एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक करते हुए पैर से मारकर उसे गिरा दिया।
जब तक राजेंद्र कुछ समझ पाता, तब तक दो बदमाश उसके निकट पहुंच गए। एक बदमाश ने उसकी कनपटी पर असलहा लगा दिया, जबकि दूसरे बदमाश ने डिक्की तोड़कर उसमें रखा रुपया निकाल लिया। इसके बाद पुलिस को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी देते तथा हवा में असलहा लहराते हुए बाइक से अकबरपुर की तरफ भाग खड़े हुए।
दिनदहाड़े दुस्साहसिक ढंग से हुई लूट की वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। इस बीच सूचना मिलने पर एसओ मालीपुर चंद्रभान यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की।
हालांकि इसमें उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। बाद में पीड़ित को लेकर पुलिस स्टेट बैंक की शाखा पहुंची और वहां सीसीटीवी कैमरे की मदद से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया। पीड़ित ने बाद में केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
एसओ श्री यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है। कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। उधर लूट की वारदात से स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी व्याप्त हो गई।
उनका कहना था कि पुलिस प्रशासन की लापरवाही के चलते ही लूट की घटनाओं में तेजी से वृद्धि हो रही है। पूर्व में हुई अधिकांश लूट, छिनैती व चोरी की वारदातों का पर्दाफाश न होने से ही बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और वे लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इससे आम लोग अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।