सिद्धार्थनगर/बर्डपुर। डीएम के निर्देश पर अपर उपजिलाधिकारी उमेश चंद्र निगम ने बर्डपुर सीएचसी पर छापेमारी की। इस दौरान सीएचसी में तैनात छह डॉक्टरों में से मौके पर केवल एक ही डॉक्टर मिले। जबकि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत अस्थाना अपने आवास पर मरीज देखते पाए गए। उनके पास आठ मरीज इलाज के लिए बैठे थे। अपर उप जिलाधिकारी ने इसकी रिपोर्ट डीएम को देने की बात कही है।
शनिवार सुबह करीब नौ बजे अपर उपजिलाधिकारी सीएचसी बर्डपुर पहुंचे तो प्रभारी चिकित्सा अधिकारी अपने आवास पर मरीज देखते पाए गए। एएसडीएम ने मरीजों से बयान भी लिया। उसके बाद सीएचसी पहुंचे तो देखा कि डॉ. प्रशांत अस्थाना के हस्ताक्षर उपस्थित पंजिका पर हैं और वे आवास पर मरीज देख रहे हैं। इसके अलावा सीएचसी पर तैनात छह डॉक्टरों की तैनाती है, लेकिन मौके पर डॉ. लोकनाथ यादव ही ओपीडी में मरीज देखते मिले। एएसडीएम उमेश चंद्र निगम ने बताया कि इसकी रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी।
एक सप्ताह पूर्व हुआ था वीडियो वायरल
एक सप्ताह पूर्व आवास पर मरीज देखने का डॉ. प्रशांत अस्थाना का वीडियो भी वायरल हुआ था। इसे लेकर डीएम ने जांच के निर्देश एएसडीएम उमेशचंद्र निगम को दिए थे। इसी क्रम में उन्होंने सीएचसी बर्डपुर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण में अल्ट्रासाउंड सेंटर पर मिलीं खामियां
सिद्धार्थनगर। सदर एसडीएम सौम्या पांडेय ने लगातार मिल रहीं शिकायतों के बाद शनिवार को शहर के प्रकाश डायग्नोस्टिक अल्ट्रासाउंड सेंटर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तमाम खामियां मिलीं। सौम्या पांडेय ने बताया कि मौके पर अल्ट्रासाउंड मशीन नहीं थी, जबकि बोर्ड पर अल्ट्रासाउंड मशीन से जांच की बात लिखी गई थी। इसके अलावा न तो वहां बेहतर साफ-सफाई मिली और न ही अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त थीं। कहा कि मामले की रिपोर्ट डीएम को दी जाएगी। साथ ही सख्त हिदायत दी कि बोर्ड से अल्ट्रासाउंड मशीन की जांच का जिक्र तत्काल हटा लिया जाए। इसके बाद भी अगर शिकायत मिलती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।