सिद्धार्थनगर। चिल्हिया थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में शुक्रवार की रात अज्ञात लोगों ने युवक की नृशंस हत्या कर दी। सुबह गांव के पश्चिम तरफ नाले के पास उसका खून से लथपथ शव मिला। शरीर अर्धनग्न हालत में मिला है। बदमाशों ने युवक की गर्दन रेत दी, उसके बाएं पैर का निचला हिस्सा काट दिया। सिर, पेट, हाथ-पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार हथियार से कई वार किए जाने के निशान शरीर पर मिले हैं। चेहरे को भी क्षत-विक्षत करने की कोशिश हत्यारों ने की है। शव के पास मिर्च पाउडर भी मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने किसी विवाद से इनकार किया है।
अहिरौली गांव निवासी गोमती यादव के चार पुत्रों में सबसे छोटा राम बहादुर उर्फ गुड्डू (30) ट्रैक्टर से किराए पर खेत जोतता था। शुक्रवार को भी वह शाम को खेत जोतकर घर लौटा और फिर अहिरौली रेलवे स्टेशन के पास भांजे सुनील से मिलने पहुंच गया। भांजे से पांच सौ रुपये लिए और फिर घर आकर निमंत्रण पर जाने की बात कह कर निकल गया। रात करीब नौ बजे गांव का ही युवक संदीप उसकी बाइक लेकर घर पहुंचा और पिता को चाभी सौंप दी। संदीप ने बताया कि स्टेशन के पास मिले राम बहादुर ने बाइक घर पहुंचाने को कहा था। वह कुछ देर में आएगा। देर रात तक भी राम बहादुर घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी।
मोबाइल फोन पर बार-बार घंटी के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। शनिवार की सुबह गांव के लोगों ने करीब 200 मीटर दूर पश्चिम तरफ नाले के पास पुआल में राम बहादुर का रक्त रंजित शव देखा। उसके शरीर पर अंडरवियर को छोड़कर कोई अन्य कपड़ा नहीं था। उसकी गर्दन रेत दी गई थी। बाएं पैर को एड़ी के पास से काटा गया था। हाथ व पेट पर चाकुओं से गोदने और चेहरे पर किसी वजनी वस्तु से प्रहार किए जाने के निशान थे। शरीर के अन्य हिस्सों पर भी धारदार हथियार के कई गहरे जख्म हैं। पास में पड़े कपड़ों से मिर्च पाउडर भी बरामद हुआ।
वारदात की सूचना पर एसपी सत्येंद्र कुमार, एएसपी अरविंद मिश्र, सीओ शोहरतगढ़ जटाशंकर राव, एसओ अखिलानंद उपाध्याय, एसओ शोहरतगढ़ शमशेर बहादुर सिंह, सदर शिवाकांत मिश्र सहित फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल की गहन छानबीन की। फोरेंसिंक व डॉग स्क्वाड ने भी सुराग जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। सीओ जटाशंकर राव के मुताबिक परिजनों ने किसी भी तरह के विवाद से इनकार किया है। मृतक के कपड़े पास से ही बरामद हुए हैं। मौके की स्थिति से प्रथम दृष्टया मामला अवैध संबंधों का प्रतीत हो रहा है। हर पहलू पर छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा। एसओ अखिलानंद ने बताया कि पिता की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।