शहर के सट्टा कराने के आरोपी को दबोचने गई कोतवाली हाथरस गेट पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ा। महिलाओं के हंगामे के बाद पुलिसकर्मी पकड़ में आए आरोपी को छोड़कर चले आए। कोतवाली हाथरस गेट में रहने वाले एक हिस्ट्रीशीटर पर शहर में सट्टा कराने का आरोप है। इस आरोप में उस पर दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हो चुके हैं और गैंगेस्टर के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
कोतवाली हाथरस गेट में हाल ही में निरीक्षक रजनेश तिवारी के तबादले के बाद जेएस पवार ने कार्यभार संभाला हैं। नवागत इंस्पेक्टर का कहना है कि शहरभर में सट्टा हो रहा है, लेकिन वह थाना क्षेत्र में सट्टा नहीं होने देंगे। नवागत इंस्पेक्टर को सट्टा कराने के आरोपी के बारे में पता चला तो उन्होंने कार्रवाई करने का मन बना लिया। हाल ही में वह आरोपी को दबोचने पहुंच गए। बिजली कॉटन मिल फाटक के पास उसे दबोच भी लिया गया। पुलिस ने जब कार्रवाई की, तब घर में बेटे की शादी के बाद महिला संगीत का कार्यक्रम चल रहा था।
पुलिस आरोपी को दबोचकर थाने लेकर आ रही थी कि आरोपी के परिवार की महिलाओं ने उन्हें घेर लिया और जमकर खरी-खोटी सुनाई। महिलाओं ने कहा कि पहले दर्ज सभी मुकदमों में आरोपी जमानत पर हैं। हाल में कोई नया मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। ऐसे में पुलिस आरोपी को कैसे गिरफ्तार कर सकती है। महिलाओं के हंगामे और विरोध के बाद पुलिसकर्मी बैकफुट पर आ गए। उन्हें आरोपी को छोड़ना पड़ा। आरोपी की पत्नी का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने उनके पति से लाखाें की महीनेदारी की मांग की। मना करने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। महिला का कहना है कि पुलिस ने उन्हें झूठे मुकदमे में भी फंसाने की बात कही है। इस बारे में कोतवाली हाथरस गेट निरीक्षक जेएस पवार ने दबिश देने की बात स्वीकार की है। उन्होंने कहा है कि वह किसी कीमत पर अपने इलाके में सट्टा नहीं होने देंगे। हाल ही में उन्होंने तीन सटोरियों को दबोचा है और सभी पर नशीला पदार्थ मिलने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा है। जल्द ही वह सट्टे के गोरखधंधे की कमर तोड़ देंगे।