सिद्धार्थनगर। जोगिया पुलिस ने दुष्कर्म के दो मामले में फरार चले रहे 15 हजार के ईनामी बदमाश को गुरुवार की सुबह पकड़ी-जोगिया मार्ग के पास से गिरफ्तार कर लिया। थाने पर पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया है। पुलिस का दावा है कि केस दर्ज होने के बाद आरोपी फरार चल रहा था।
एसओ जोगिया दिनेश चंद्र चौधरी ने बताया कि हरैया गांव निवासी इबरार उर्फ मुन्ना के ऊपर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ पिछले वर्ष अपहरण कर दुष्कर्म करने के अपराध में दो मुकदमे दर्ज थे। इसके साथ ही उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की भी कार्रवाई हुई थी। पुलिस को उसकी काफी दिनों से तलाश थी। मगर वह पुलिस के हाथ नहीं लग रहा था। गुरुवार की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि इबरार उर्फ मुन्ना जोगिया- पकड़ी मार्ग पर जोगिया चौराहे के पास मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है। सूचना को संज्ञान में लेते हुए मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। थाने पर पर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है। टीम में एसआई वीरेंद्र कुमार राय, रामकरन निषाद, रामकिशुन आजाद, सिपाही छत्रपति यादव आदि शामिल रहे।