डुमरियागंज। क्षेत्र के चौरा बनगवा गांव में शुक्रवार को खेलते समय तालाब में डूबने से सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। लोगों को घटना की जानकारी करीब एक घंटे बाद हुई। इसके बाद बच्चे की लाश बाहर निकाली गई।
चौरा बनगवां गांव निवासी मानिक का बेटा आकाश घर के पास स्थित तालाब के किनारे खेल रहा था। अचानक पैर फिसलने से वह तालाब में गिर गया और डूब गया। छह साल की एक बच्ची उस समय वहीं थी। संभवत: अबोध बच्ची हादसे की भयावहता को समझ नहीं पाई। काफी देर उसने लोगों को बताया कि आकाश तालाब में गिर गया है। लोग आनन-फानन में वहां पहुंचे और आकाश को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। आकाश की मौत की सूचना पर उसके घर मातम छा गया। लाश को घर लाने के बाद शाम को उसे दफना दिया गया। थानाध्यक्ष भवानीगंज हरेंद्र पाठक ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है और न ही कोई तहरीर मिली है।