डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। शनिवार को रात भर हुई मूसलाधार बारिश से रविवार की सुबह एक रिहायशी मकान ढह गया। यह हादसा तब हुआ, जब घर की छत पर बने छोटे मंदिर में महिला पूजन कर रही थी। उसी समय वह छत समेत नीचे आ गिरी। हादसे में पति व दो बच्चे भी जख्मी हो गए। सभी को न्यू पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
डुमरियागंज नगर के वार्ड नंबर तीन हबीबुल्लाह नगर (तेलियाना मोहल्ला) निवासी परशुराम की पत्नी सुषमा (28) रविवार की सुबह स्नान के बाद भगवान को जल चढ़ाने के लिए छत पर आंगन में बने मंदिर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान अचानक छत भर-भराकर नीचे बैठ गई। सुषमा के साथ मौजूद बेटा सत्यम (8) और बेटी वैष्णवी (4) भी छत के नीचे दब गए। यह देख कमरे में मौजूद परशुराम और उसके परिवार के अन्य लोग मलबे के नीचे दबे सुषमा और उसके बच्चों को निकालने लगे। तभी छत का एक भारी टुकड़ा परशुराम के ऊपर गिर पड़ा। उसके कंधे में काफी चोट आई। घायलों को न्यू पीएचसी पर ले गए। इलाज के बाद हालत में सुधार देख डॉक्टर ने सभी को घर भेज दिया। पीएसची प्रभारी डॉ. मुस्तकीम अंसारी ने बताया कि घायलों का इलाज किया गया है। वह खतरे के बाहर हैं। इस संबंध में डुमरियागंज एसडीएम राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि मौके पर हलका लेखपाल को भेजा गया है। रिपोर्ट के बाद नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी।