एंटी करप्शन टीम ने हाल में अमीर बने जिले के 14 लोगों की सूची तैयार की है। इनमें तीन ब्लॉक प्रमुख भी शामिल हैं। सूची मिलते ही पुलिस की विशेष टीम ने इनके खिलाफ जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
सूबे में योगी सरकार बनने के बाद कई अहम फैसले हुए। इसी क्रम में हाल में धन अर्जित कर अमीर बने लोगों की सूची तैयार की गई है। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम की इस सूची में जिले के तीन ब्लॉकों के प्रमुख भी हैं। सूत्रों की माने तो ये प्रमुख सदर, बांसी और डुमरियागंज तहसील के अंतर्गत आने वालों ब्लॉकों से संबंधित हैं। इनके खिलाफ जांच का जिम्मा पुलिस की एक विशेष टीम को सौंपा गया है।
जांच टीम हाल में अमीर बने लोगों के आय का स्रोत पता लगा रही है। सूची में जिन ब्लॉक प्रमुखों का नाम है उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे हैं।ये ब्लॉक प्रमुख सत्ता परिवर्तन होने के बाद पद पर काबिज हुए हैं। बताया जा रहा है कि पूरी रिपोर्ट तैयार होने के बाद कार्रवाई का दौर शुरू होगा। इस संबंध में एएसपी मुन्ना लाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच गोपनीय तरीके से की जा रही है।