शोहरतगढ़। ढेबरुआ पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में फरार चल रहे कैशियर को शुक्रवार को खुनुवां कस्बे से गिरफ्तार कर लिया है। अन्य सात आरोपियों की पुलिस को तलाश है। बैंक मैनेजर की तहरीर पर गबन करने के आरोप में केस दर्ज कराया था। बताते चलें कि 28 जुलाई 2018 को एसबीआई शाखा बढ़नी के ब्रांच मैनेजर मोहम्मद कासिम ने बैंक में कार्यरत आठ कर्मचारियों के खिलाफ 12 लाख 60 हजार रुपये धोखाधड़ी कर हड़पने का आरोप लगाते हुए ढेबरुआ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। बैंक मैनेजर की तहरीर पर जांच के बाद चिह्नित आठ कर्मचारियों के विरुद्ध ढेबरुआ थाने में जालसाजी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।
ढेबरुआ थाना एसएचओ राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि भारयीय स्टेट बैंक शाखा खुनुवां में कार्यरत कैशियर शिवम कन्नौजिया को शुक्रवार को खुनुवां कस्बे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पकड़ा गया बैंक कैशियर धोखाधड़ी के केस में वांछित था। इसके अलावा अन्य की तलाश जारी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।