आरोपी से पूछताछ करते डीआईओएस और चौकी प्रभारी।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। फर्जी स्थानांतरण आदेश पर राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कूड़ी में पदभार संभालने वाले फर्जी कनिष्ठ लिपिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। फर्जीवाड़े की पोल सत्यापन के दौरान खुली। फर्जी कनिष्ठ लिपिक के खिलाफ जिला विद्यालय निरीक्षक की तहरीर पर कार्रवाई हुई है।
सूत्रों के अनुसार राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कूड़ी में पांच जुुलाई को अब्दुल अलीम ने स्थानांतरण आदेश के जरिए बतौर कनिष्ठ लिपिक कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद प्रधानाचार्या ने सहायक शिक्षा निदेशक सेवा-2 कृते अपर शिक्षा निदेशक बेसिक इलाहाबाद के पत्र संख्या 32 दिनांक 7 जून 2018 के हवाले से कार्य योगदान देने की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद अब्दुल अलीम के कागजात सत्यापन के लिए बहराइच भेजे गए। इसके जवाब में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान प्रयागपुर बहराइच के प्राचार्य रमाशंकर राम ने लिखित रूप में अवगत कराया कि इस नाम का कोई कनिष्ठ लिपिक या कर्मचारी कार्यालय में कभी भी कार्यरत नहीं रहा है। स्थानांतरण पत्र भी फर्जी है।
मामले की जानकारी होने पर सोमवार को जिला विद्यालय निरीक्षक ने कार्यालय पहुंचे अब्दुल अलीम को दफ्तर में बैठाकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अब्दुल को गिरफ्तार कर लिया। अब्दुल अलीम ने ने खुद को जिले के मोहाना थाना क्षेत्र के पिपरा भोज शिवपति नगर का निवासी बताया है। उसके पास से इस पते का आधार कार्ड भी मिला है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राज बहादुर मौर्य ने प्राथमिकी दर्ज करने के लिए सदर थाने में तहरीर दी है।