साड़ी के फंदे से लटकती हुई मिली महिला की लाश
- इटवा थाना क्षेत्र के गिरधपुर गांव का मामला
- मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
इटवा। थाना क्षेत्र के गिरधपुर गांव में शनिवार की दोपहर कमरें में छत की कुंडे से साड़ी के सहारे फंदे से लटकती हुई महिला की लाश मिली है। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंची और शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के गिरधरपुर निवासी अशोक कुमार चौधरी की शादी छह वर्ष पूर्व बस्ती जिले के भिरोजवा गांव निवासी सुनीता (30) के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर लगभग एक बजे सुनीता की कमरे में छत की कुंडी से साड़ी के फंदे से लटकती हुई लाश मिली। मामले की जानकारी होने पर आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इसके बाद किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर एसओ गोपाल स्वरूप बाजपेयी मौके पर पहुंचे। शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया कि लड़की के मायके के लोग आ रहे हैं। तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
संदिग्ध हाल में विवाहिता की जलकर मौत
ढेबरुआ थाना क्षेत्र के भोजवार गांव का है मामला
- पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
इटवा। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के भोजवार गांव में शनिवार को संदिग्ध हाल में एक महिला की जलकर मौत हो गई। घटना खाना बनाते समय हुई। क्षेत्र के निवासी राम नरेश की शादी 8 वर्ष पूर्व इटवा थाने के बिरवापुर गांव निवासी मक्खन यादव की बेटी सुशीला (30) से हुई थी। बताया जा रहा है कि शनिवार को वह खाना बना रही थी। इसी दौरान संदिग्ध हाल में जलने लगी। चीख-पुकार सुनकर जब तक परिजन मौके पर पहुंचकर सुशीला को बचाते वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। आनन-फानन में उसे इटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था, जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पति रमेश के मुताबिक पिछले कुछ साल से सुशीला मानसिक अवसाद से ग्रसित थी। जिसकी दवा गोरखपुर के एक निजी चिकित्सक के यहां चल रहा था। शनिवार को सुशीला खाना बना रही थी तभी वह आग की चपेट में आ गई। थानाध्यक्ष ढेबरुआ अखिलानंद उपाध्याय ने बताया कि महिला के मौत की जानकारी है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।