गोल्हौरा। थाना क्षेत्र के जोगिया खुर्द गांव में शनिवार देर शाम संदिग्ध हाल में विवाहिता की मौत हो गई थी। मृत महिला के पिता ने दहेज की रकम न देने पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया। पिता की तहरीर के आधार पर पति समेत तीन पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घनघटा गांव निवासी केशव प्रसाद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्होंने अपनी 20 वर्षीय पुत्री नेहा की शादी 11 मई 2018 को क्षेत्र के ही जोगिया खुर्द गांव निवासी राजकुमार उर्फ राजू चौधरी के साथ की थी। मैंने अपनी क्षमता के अनुसार, उपहार भी दिए। ससुराल जाने के बाद से दो लाख रुपये की मांग होने लगी। इसके बाद आए दिन बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा। यह बात वह फोन पर बताती थी। 25 मई की शाम को फोन आया कि बेटी की तबीयत खराब है। उसके इलाज के लिए ले जाया जा रहा है। दोबारा फोन आया हालत बहुत खराब हो गई है। जब घर पहुंचे तो बेटी मृत हाल में पड़ी थी। ससुराल के लोगों ने उसकी हत्या कर दी है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाए। एसओ राजेश कुमार दुबे ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति राजकुमार उर्फ राजू, सास सुनिता और जेठानी अंजली के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।