शोहरतगढ के खुनुवा में महिला की मौत पर रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
शोहरतगढ़/ खुनुवां। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के करहिया गांव के टोला फकीर पुरवा में गांव के बाहर नाले में कपड़ा धुलने गई महिला फिसलकर नाले में गिर गई। डूबने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने नाले से शव को निकालकर घर ले आए हैं।
करहिया गांव के टोला फकीरपुरवा निवासी रहीमुननिशा (40) पत्नी अहमद बुधवार की दोपहर करीब गांव के बगल महली सागर से निकले नाले पर घर से कपड़ा धुलने बड़ी बेटी सलमा के साथ गई थी। बताया जा रहा है कि नाले के किनारे बैठकर वह कपड़े धुल रही थी, तभी नाले के किनारे की मिट्टी दरक गई। इससे रहीमुननिशा भी नाले में गिर गई। बड़ी बेटी के चिल्लाने पर जब कोई नहीं पहुंचा तो वह भागकर गांव में लोगों को बुलाने गई। जब तक गांववाले मौके पर पहुंचते तब तक वह काफी दूर तक बह चुकी थी। काफी तलाश के बाद उसकी लाश घटना स्थल से थोड़ी दूरी पर मिली। इसके बाद परिजन शव को निकालकर घर ले आए। मृतका के परिजनों का कहना है कि काफी लंबे समय से वह मानसिक रूप से कमजोर थी। रहीमुननिशा के चार बच्चे है। सलमा (16), सलमान (9), रोशनी (6) एवं चांदनी (4) है। घटना से परिजनों व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव के लोग भी घटना से दुखी हैं ।