सामूहिक दुष्कर्म मामले में अरनिया पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई
- बीते 22 जून को किशोरी का अपहरण कर चार आरोपियों ने की थी वारदात
- चार घंटे तक हैवानियत कर जंगल में बेहोशी की हालत में छोड़ कर भागे थे आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। अरनिया थाना पुलिस की लापरवाही का एक नया मामला सामने आया है। किशोरी के साथ हुए सामूृहिक दुष्कर्म मामले में पांच दिन बाद एफआईआर दर्ज करने वाली अरनिया पुलिस अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा सकी है। पीड़ित परिजनों ने थाना पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित पिता ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री बीते 22 जून को घर से खेत पर शौच के लिए गई थी। खेत पर पहले से मौजूद अमरोहा थाना क्षेत्र के गांव तलावड़ा निवासी सुरेश पुत्र जाबू सिंह अपने तीन अन्य अज्ञात साथियों के साथ मौजूद था। आरोपी ने पीड़ित की पुत्री का अपने तीनों साथियों संग अपनी बुलेरो कार से अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। चार घंटे तक किशोरी के साथ हैवानियत कर आरोपियों ने शाम करीब चार बजे उसे गांव से एक किलोमीटर झाड़ियों में बेहोशी की हालत में फेंक दिया और भाग निकले थे। पीड़ित की शिकायत पर थाना पुलिस पांच दिन तक खामोश रही, 27 जून को पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। वहीं अब परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामले में अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। थाना प्रभारी डीपी सिंह ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।