राप्ती में बच्चों के डूबने की सूचना पर जुटे लोग।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर/ खेसरहा। खेसरहा थाना क्षेत्र के डढ़िया ताल गांव के पास राप्ती नदी में नाव में सवार बच्चों ने नाव में पानी भरता देख नदी में छलांग लगा दी। इसमें एक बालिका की डूबकर मौत हो गई, जबकि तीन को मछुआरे ने बचा लिया। घटना शनिवार दोपहर करीब दो बजे की है। शव को नदी से निकाल लिया गया है।
क्षेत्र के गेंगटा गांव निवासी आशिक अली की पुत्री अमिना खातून (10), आठ वर्षीय बेटी सहरुनिशा, पड़ोस के ही वाजिद अली का 10 वर्षीय पुत्र नूरआमल, गांव के ही शेरअली की 10 वर्षीय बेटी सकोली शनिवार पास के ही गांव क्षेत्र के डढ़िया ताल गांव के पास राप्ती नदी के किनारे बकरी चराने गए थे। बताया जा रहा है कि वहीं पर मल्लाह नाव चलाते हैं। नदी के तट पर नाव खड़ी थी। यह देख एक साथ सभी बच्चे सवार हो गए नाव कुछ आगे बढ़ी। नाव का कोई हिस्सा टूटा होने के कारण उसमें पानी भरने लगा। इसे देख बच्चों ने एक साथ नदी में छलांग लगा दी। बच्चों को डूबता हुआ देख एक मछुआरा नदी में कूदकर तीन बच्चों को बचा लिया। मगर अमिना डूब गई।
काफी देर तक खोजबीन के बाद जब वह नहीं मिली तो गांव में सूचना दी गई। वहीं, ग्रामीणों की मदद से तलाश शुरू किया गया। शाम करीब साढ़े चार बजे अमिना की लाश मिली। पुलिस को सूचना दिए बगैर घर वाले शव को लेकर घर चले गए। घटना के बाद परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल है। इस संबंध में एसओ खेसरहा अंजनी कुमार राय ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं मिली थी। मामले में पता लगा रहे हैं।