जोगिया। कोतवाली क्षेत्र के नगरा गांव में शुक्रवार देर शाम मनरेगा के काम की रुपये निकालने को लेकर प्रधान प्रतिनिधि और गांव के कुछ लोगों में मारपीट हो गई। इसमें चार लोग जख्मी हो गए। घायलों का जोगिया सीएचसी में इलाज कराया गया।
नगरा गांव निवासी अंगद प्रसाद (20) शुक्रवार शाम आटा पिसवाने के लिए सजनी गए थे। यहां बातचीत में उन्होंने मनरेगा योजना के कार्य की रकम खाते में न भेजकर प्रधान पर रकम निकाल लेने का आरोप लगाया। अंगद का आरोप है कि इसी बात को लेकर सजनी में कहासुनी हुई। गांव पहुंचने के बाद इसी मामले को लेकर प्रधान प्रतिनिधि घर पर कहासुनी करने लगे। इसे लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। मारपीट में अंगद (20) के अलावा उसकी किसरावती (40) जख्मी हो गई। वहीं दूसरे पक्ष के प्रधान प्रतिनिधि सुदामा प्रसाद (35) व प्रदीप कुमार (26) घायल हो गए। आसपास के लोगों ने चारों को जोगिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार हुआ। वहीं, प्रधान प्रतिनिधि सुदामा प्रसाद का आरोप था कि अंगद उस पर गलत तरीके से रुपये निकाल लेने का आरोप लगा रहा था। इसी बात को लेकर जब विरोध किया तो उसने मारपीट कर ली। मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई। प्रभारी थानाध्यक्ष वीके राय ने बताया कि मामले की जानकारी है। तहरीर मिली है, जांच करके उचित कार्रवाई की जाएगी।