खेसरहा (सिद्धार्थनगर)। थाना क्षेत्र के बंजरहा गांव स्थित बूढ़ी राप्ती नदी में उतराती हुई वृद्ध की लाश मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वृद्ध उसका थाना क्षेत्र के अमरहिया गांव के निवासी थे और वह खेसरहा में अपनी बेटी से मिलने आ रहे थे। मौत की वजह डूबने से बताया जा रहा है।
उसका थाना क्षेत्र के अमरहिया गांव निवासी रमापति (60) ने अपनी बेटी की शादी खेसरहा थाना बनियहंवा बुजुर्ग गांव निवासी रमेश के साथ की है। रमापति रविवार दोपहर बेटी से मिलने जाने की बात कह घर से निकला था। सोमवार को क्षेत्र के बंजरहा गांव के पास बूढ़ी राप्ती नदी के किनारे पानी में उतराती हुई रमापति की लाश मिली। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त दामाद रमेश ने की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रणधीर मिश्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वृद्ध मंदबुद्धि का बताया जा रहा है।