बर्डपुर (सिद्धार्थनगर)। कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के बर्डपुर नंबर नौ के टोला कटया में शनिवार की रात एक युवक की गांव के बाहर बाग में दुपट्टे से बने फंदे से पेड़ पर लटकती लाश मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं, परिवार के लोग भी चुप्पी साधे हुए हैं।
क्षेत्र बर्डपुर नौ नंबर नौ के टोला कटया गांव निवासी अजय उर्फ छनमन (21) पुत्र सकटू चौहान शनिवार को गांव में ही वह एक व्यक्ति के खेत में किराए पर पंपिंग सेट से पानी चलाने गया था। इसके बाद से घर नहीं लौटा। रात करीब साढ़े आठ बजे गांव के बाहर आम के बाग में पेड़ पर दुपट्टे से बने फंदे पर अजय की लाश लटकती हुई देखी गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अजय तीन भाई और तीन बहन में दूसरे नंबर का था। घटना के बाद परिवार के लोग मुंह खोलने से कतरा रहे हैं।
इस संबंध में कोतवाल गोपाल स्वरूप वाजपेयी का कहना था कि छानबीन में युवक मानसिक रोगी बताया गया है। वह नशा भी करता था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।