कोरोना : जिले में ज्यादातर संक्रमित दिल्ली से लौटने वाले
सिद्धार्थनगर। कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। जिले में भी संक्रमित मरीजों की संख्या का शतक पूरा होने वाला है। संक्रमितों में सबसे ज्यादा लोग दिल्ली से लौटने वाले हैं। जिले के लोग इस बार दिल्ली को कोरोना का केंद्र मानने लगे हैं। उनका कहना है कि जो मरीज मिल रहे हैं, उनमें अधिकांश दिल्ली से लौटने वाले शामिल हैं।
चिकित्सकों की सलाह है कि बाहर से आने वाले लोगों के संपर्क में तब तक न आएं, जब तक उनकी जांच रिपोर्ट न आ जाए। आने के बाद उन्हें जांच और होम क्वारंटीन रहने के लिए प्रेरित करें। साथ ही नजदीक के अस्पताल पर सूचना दें, जिससे उनकी समय से जांच हो सके। संक्रमण का प्रसार तेज है। ऐसे में इन प्रवासी लोगों के साथ-साथ उनका परिवार और गांव के लोग भी संक्रमित हो जाएंगे। लापरवाही घातक हो सकती है। खतरा बढ़ने से इनकार नहीं किया जा सकता है। इस संबंध में डिप्टी सीएमओ डॉ. सौरभ चतुर्वेदी ने बताया कि महानगरों से लौटने वालों को ट्रेस करके उनकी कोरोना जांच कराई जा रही है।
राजनैतिक यात्रा पड़ी भारी, पूरा परिवार हो गया संक्रमित
एक पार्टी के प्रदेश स्तरीय नेता हाल ही में दिल्ली राजनैतिक यात्रा से लौटे थे। एहतियात के तौर पर उन्होंने जांच कराई। जांच में पूरा परिवार कोरोना संक्रमित पाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम की निगरानी में उनका इलाज हो रहा है। पूरा परिवार होम आइसोलेट है।
प्रोफेसर का कुनबा हुआ संक्रमित
बर्डपुर ब्लॉक क्षेत्र के एक प्रोफेसर दिल्ली से पत्नी, बेटी के साथ गांव लौटे थे। बिना किसी लक्षण के ही उनकी जांच हुई। उसके साथ ही दो अन्य की जांच हुई। जांच में तीनों संक्रमित पाए गए। इसके अलावा भी कोरोना संक्रमण के जो मामले में आए हैं, उनमें 50 प्रतिशत लोग दिल्ली से लौटने वाले ही शामिल हैं।