कलेक्ट्रेट सभागार में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची देते डीएम गौरव सिंह सोगरवाल
सिद्धार्थनगर। अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान उन्हें आलेख्य मतदाता सूची की दो प्रतियां (एक हार्ड और एक सॉफ्ट कॉपी) तथा पूरक सूचियों की एक सॉफ्ट कॉपी सौंपी गई।
डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे पात्र नए मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरवाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि बीएलओ और बीएलए की संयुक्त बैठक कराई जाए, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके। साथ ही पात्र मतदाताओं को सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, कांग्रेस के अकरम अली, सपा के अब्दुल कलाम सिद्दीकी और बसपा के रमेश कुमार गौतम सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।