बढ़नी। ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत हसुड़ी उर्फ गजेहड़ी के टोला दुधवनिया खुर्द स्थित साधन सहकारी समिति का भवन कई वर्ष से जर्जर है।
इस कारण यहां खाद-बीज का वितरण ठप है। समिति से जुड़े ग्राम पंचायतों के किसानों को दूरदराज की समितियों पर खाद व बीज लेने के लिए दौड़ना पड़ता है।
दुधवनिया में बना सहकारी समिति का भवन बदहाल है। इसकी फर्श, छत व प्लास्टर उखड़ कर गिर रहा है। समिति भवन के निकास द्वार पर बनी सीढ़ी क्षतिग्रस्त है। दरवाजे व खिड़कियां भी सड़ चुकी हैं।
यहां खाद व बीज वितरण बंद होने से किसानों को खेती की जरूरतों के लिए अब कई किलोमीटर दूर स्थित अन्य समितियों का रुख करना पड़ रहा है। इससे उनका समय और धन दोनों बर्बाद हो रहा है।
हसुड़ी उर्फ गजेहड़ी के ग्राम प्रधान पूरनमल ने बताया कि यह साधन सहकारी समिति एक दशक से भी ज्यादा समय से बंद है। रखरखाव के अभाव में इसका भवन अब पूरी तरह से खंडहर में तब्दील हो चुका है। पूर्व प्रधान अनुज चौधरी किसानों को लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है।
शेषमणि उर्फ दारा चौधरी ने कहा कि जर्जर हो चुके समिति भवन की शीघ्र मरम्मत कराई जाए और समिति का संचालन अविलंब शुरू किया जाए।्