सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के परिसर में खड़ी नई बस। संवाद
-शोहरतगढ़ क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को आवागमन में मिलेगी सहूलियत
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु ने छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए एक और नई बस खरीदी है। इससे विश्वविद्यालय में तीन बस हो गई है। छात्रों के अनुसार लोटन और नौगढ़ रूट पर सिविवि के बस का संचालन होता है। ऐसे में नई बस शोहरतगढ़ रूट पर संचालित हाे तो इस क्षेत्र के छात्राें को कैंपस आने में परेशानी नहीं होगी।
विश्वविद्यालय कैंपस में लगभग दो हजार छात्र-छात्राएं पढ़ाई करते हैं। इसमें से अधिकतर छात्र-छात्रा जिले के कई हिस्सों से आते हैं। विश्वविद्यालय पूर्व में रखे दो बसों को नौगढ़ व लोटन रूट पर संचालित करता है। इससे दोनों रूटों से आने वाले छात्रों को कैंपस में आने के लिए प्राइवेट वाहनों का सहारा नहीं लेना पड़ता है, जबकि शोहरतगढ़ रूट पर अभी तक विश्वविद्यालय के बस का संचालन नहीं हो रहा है। इससे इन छात्रों को विश्वविद्यालय कैंपस पहुंचने में कई जगहों पर वाहन बदलना पड़ता है, जिससे छात्र-छात्राओं को समय अधिक लग जाता है।
नई बस आने से शोहरतगढ़ क्षेत्र से आने वाले छात्रों को बस आने से उम्मीद जगी है। छात्रों का माने तो नई बस का संचालन शोहरतगढ़ रूट पर हो तो छात्रों की संख्या भी बढ़ सकती है।
-
वर्जन
विश्वविद्यालय में एक नई बस खरीदी गई है। इसके संचालन के लिए अभी रूट का निर्धारण नहीं किया गया है। जल्द ही छात्र संख्या के आधार पर बस का संचालन किया जाएगा।
-डॉ. अविनाश प्रताप सिंह, मीडिया प्रभारी