कागज में 90, मौके पर 15 श्रमिक कार्य करते मिले
सीडीओ पुलकित गर्ग ने भनवापुर के महतिनिया खुर्द में किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। भनवापुर ब्लॉक के महतिनिया खुर्द गांव में मनरेगा कार्य में अनियमितता पाई गई। सीडीओ पुलकित गर्ग ने निरीक्षण में मस्टर रोल से कम श्रमिक कार्य करते पाए जाने पर डीपीआरओ को वास्तविक मूल्यांकन कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी पुलकित गर्ग ने विकास खंड भनवापुर के ग्राम पंचायत महतिनिया खुर्द में मनरेगा योजना से वित्तीय वर्ष 2022-23 में कराये जा रहे मिट्टी कार्य जमील के घर से मुन्ना के खेत तक चकरोड पटाई कार्य का निरीक्षण किया। मस्टर रोल के अनुसार 90 श्रमिक नियोजित किया गया था, परंतु मौके पर 15 श्रमिक कार्य करते पाए गए। पूछने पर बताया गया कि कुछ लोग मिट्टी खुदाई कार्य कर रहे हैं। मौके पर सीआईबी भी नहीं लगा था व पीने के पानी का प्रबंध नहीं था। सीडीओ ने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं अवर अभियंता आरईएस, तकनीकी सहायक की टीम बना कर वास्तविक मूल्यांकन करके आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
गोशाला की चहारदीवारी निर्माण के निर्देश
सीडीओ पुलकित गर्ग ने ग्राम पंचायत महतिनिया खुर्द में गोशाला का निरीक्षण किया। मौके पर मात्र 25 पशु मिले। बताया गया कि पहले 100 पशु थे, पर चहारदीवारी की तारबंदी टूट जाने के कारण बाहर चले गए। सीडीओ ने निर्देशित किया कि सभी छुट्टा पशु गोशाला में लेकर आए। बीडीओ को निर्देशित किया गया कि चहारदीवारी निर्माण कराएं।