संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। लोटन कोतवाली क्षेत्र के करुआवल गांव के कोटेदार पर खाद्यान की कालाबाजारी के मामले में केस दर्ज किया गया है। उपभोक्ताओं ने अंगूठा लगाने के बाद राशन वितरण नहीं करने के संबंध में शिकायत की थी। जांच में 133 क्विंटल खाद्यान की कालाबाजारी पकड़ी गई। इस मामले में पूर्ति निरीक्षक ने केस दर्ज करवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
करूआवलकला गांव की सीता गौड़, पुष्पा, कौशिल्या, लक्ष्मी, प्रभावती देवी, मीना, रीता, किसलावती, हरिशचंद, आकाश, यशवंत, कलावती, जग्गू, सुनरावती, रेनू, आरती चैतूप्रसाद, बेबो एवं प्रहलाद आदि ने पूर्ति निरीक्षक को 17 मई को पत्र देकर कोटेदार आभा पांडेय की ओर से नियमित तौर पर राशन नहीं दिए जाने की शिकायत की। आरोप लगाया कि राशन की जगह जबरदस्ती रुपये दिए जा रहे हैं और राशन मांगने पर दुर्व्यवहार किया जाता है तथा फर्जी केस दर्ज कराने की धमकी दी जाती है। दो माह ( मार्च-अप्रैल) से ई-पास मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद केवल पर्ची दी जाती है। खाद्यान्न नहीं दिया जाता है।
इसके बाद 19 मई को पूर्ति निरीक्षक ने मौके पर जाकर जांच की तो जांच के दौरान 10 अंत्योदय एवं 29 पात्र गृहस्थी कार्डधारक संपर्क में आए। उनसे पूछताछ की गई और बयान दर्ज किए गए। जांच में खाद्यान्न वितरण में अनियमितता पाई गई। 109 बोरी गेहूं (लगभग 54.50 क्विंटल) तथा 158 बोरी चावल (लगभग 79.00 क्विंटल अर्थात कुल 133.50 क्विंटल खाद्यान्न निजी स्वार्थवश कालाबाजारी कर लिया गया है।
पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज करके पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।