डुमरियागंज सीट से चुनाव जीतने वाली सैय्यदा खातून समेत 250 पर केस
सपा की नवनिर्वाचित विधायक के कार्यालय के बाहर भड़काऊ नारे लगाने का वीडियो वायरल
15 आरोपितों की पहचान करके पुलिस ने दर्ज किया धार्मिक उन्माद फैलाने का मुकदमा
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। डुमरियागंज से नवनिर्वाचित सपा विधायक सैय्यदा खातून के कार्यालय के बाहर बृहस्पतिवार रात भड़काऊ नारे लगाने का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने 15 आरोपितों को चिह्नित कर लिया है। इनके खिलाफ पुलिस ने शुक्रवार को धार्मिक उन्माद फैलाने का केस दर्ज किया है। इससे पहले, बृहस्पतिवार देर रात मामले में पुलिस ने नवनिर्वाचित विधायक समेत 250 लोगों पर धारा-144 के उल्लंघन का केस दर्ज किया था।
पुलिस के मुताबिक, मतगणना के बाद बृहस्पतिवार देर रात सैय्यदा खातून के कार्यालय के बाहर सैकड़ों की संख्या में उनके समर्थक जमा हो गए थे। इस दौरान कुछ लोगों ने एक धर्म के लोगों को उत्तेजित करने वाले नारे लगाए। देर रात इसका वीडियो वायरल हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए डुमरियागंज थाने के एक दरोगा की तहरीर पर सैय्यदा खातून समेत 250 लोगों पर केस दर्ज किया गया। इस संबंध में डुमरियागंज के इंस्पेक्टर वकील पांडेय का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। वीडियो फुटेज से 15 लोगों को चिह्नित किया गया है। इनके खिलाफ धार्मिक उन्माद फैलाने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। क्षेत्र में वायरल वीडियो चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, अमर उजाला इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
विरोधियों की बदनाम करने की साजिश : सैय्यदा खातून
नवनिर्वाचित सपा विधायक सैय्यदा खातून ने भड़काऊ नारे लगने के आरोप को गलत करार दिया है। उनका कहना है कि विरोधी उन्हें बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। उनके कार्यालय पर किसी बाहरी ने नारे लगाकर उन्हें बदनाम करने की साजिश की है। घटना के समय वह मौके पर नहीं थीं। परिवार अथवा पार्टी का कोई कार्यकर्ता शामिल नहीं था। प्रशासन मामले की जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई करे।
--
नवनिर्वाचित सपा विधायक सैय्यदा खातून समेत 250 लोगों पर धारा-144 के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया है। 15 आरोपितों को चिह्नित किया गया है। उनके खिलाफ धार्मिक उन्माद फैलाने का केस दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है।
- डॉ. यशवीर सिंह, पुलिस अधीक्षक