चार विधायकों ने की समर्थकों से मुलाकात, एक गए लखनऊ
- चुनाव जीतने के बाद पहले दिन नवनिर्वाचित विधायक रहे समर्थकों के बीच
- विधायक विनय वर्मा चले गए लखनऊ, आने के बाद करेंगे भ्रमण
सिद्धार्थनगर। जिले के चार नवनिर्वाचित विधायकों ने जनता के बीच रहकर उनके समर्थन के प्रति आभार जताया। ये विधायक चुनाव जीतने के बाद पहले दिन शुक्रवार को अपने घर पर रहे और पहुंचने वाले समर्थकों से मुलाकात की। समर्थकों ने माल्यार्पण कर खुशी जताई। मिठाई बंटने का सिलसिला सुबह से रात तक चलता रहा। वहीं, शोहरतगढ़ के नवनिर्वाचित विधायक विनय वर्मा लखनऊ रवाना हो गए।
आठवीं जीत पर समर्थकों ने काटा केक
बांसी प्रतिनिधि के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री व भाजपा विधायक जय प्रताप सिंह शुक्रवार को पूरे दिन बांसी के महल में रहे। सुबह से लेकर शाम तक पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता व समर्थकों ने उनसे मिलकर खुशी जताई, जबकि आठवीं जीत पर केक भी काटा गया। स्वास्थ्य मंत्री के पुत्र अधिराज प्रताप सिंह व अभय प्रताप सिंह ने समर्थकों से मुलाकात कर हर मौके पर साथ देने का किया।
विधायक के साथ गृहिणी की भी भूमिका
डुमरियागंज प्रतिनिधि के अनुसार नवनिर्वाचित विधायक सैय्यदा खातून ने इबादत से दिन की शुरुआत की। उन्होंने चाय बनाई और आनी मां पूर्व विधायक खातून तौफीक, पति जहीर मलिक, बेटे अलहम मलिक व तौफीक मलिक के साथ बैठकर नाश्ता किया। सुबह 6 बजे ही समर्थक उनके घर पहुंचने लगे, उन्होंने सभी को मिठाई खिलाकर तरक्की और खुशहाली की बातें कीं। दोपहर बाद उन्होंने लोगों से मिलकर शुक्रिया अदा किया, जबकि बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष के घर होली का माहौल
विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष व सपा के नवनिर्वाचित विधायक माता प्रसाद पांडेय के घर शुक्रवार को भोर से ही समर्थकों का तांता लगा रहा। कार्यकर्ताओं ने उनका अबीर गुलाल लगाकर स्वागत किया तो होली का माहौल बन गया। कार्यकर्ताओं ने विधायक और समर्थकों को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। सुबह से देर रात तक वे अपने घर रहे और मिलने वालों की संख्या कभी कम तो कभी ज्यादा होती रही।
व्रत रह कर समर्थकों का किया स्वागत
कपिलवस्तु से दूसरी बार विधायक चुने गए श्यामधनी राही शुक्रवार को दिन भर अपने घर पर रहे। सुबह से शाम तक उन्होंने अपने समर्थकों से मुलाकात कर जनता का आभार जताया। उन्होंने बताया कि वह विधायक नहीं बल्कि सेवक हैं। जनता उनके लिए मंदिर के सामान है। यही कारण है कि दूसरी बार विधायक बनने के पहले दिन उन्होंने व्रत रहकर जनता का आशीर्वाद प्राप्त किया। कपिलवस्तु के विकास का हर संभव प्रयास करूंगा।
पार्टी की बैठक में आ गया हूं: विनय वर्मा
शोहरतगढ़ से अपना दल एस के नवनिर्वाचित विधायक विनय वर्मा ने मतगणना का परिणाम जारी होने के बाद बृहस्पतिवार देर रात तक समर्थकों के साथ समय बताया, लेकिन भोर में ही लखनऊ रवाना हो गए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने पार्टी के सभी नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया, इस कारण लखनऊ चले गए। जनता के बीच जाकर आभार जताने की उनकी इच्छा है और क्षेत्र के समर्थक भी उत्साहित हैं। सिद्धार्थनगर पहुंचते ही जनता के बीच जाकर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।