प्रवासियों को कॉल कर दे रहे मतदान का न्योता
सिद्धार्थनगर। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के प्रशासन ने एक और नई पहल शुरू की है। रोजगार के लिए दूसरे शहर कमाने गए 2.25 लाख से अधिक प्रवासियों को कॉल कर तीन मार्च को मतदान करने आने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। इसके लिए सीडीओ ने सभी खंड विकास अधिकारियों को प्रतिदिन रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।
लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में अब तक कम मतदान को बढ़ाने के लिए प्रशासन ने पहल करते हुए पहले प्रवासियों को बुलावा पत्र भेजा। अब उनको मोबाइल नंबर पर कॉल करके भी आमंत्रित करने का अभियान शुरू किया गया है। जिले में तीन मार्च को मतदान होना है। इस दिन प्रवासियों को घर आकर मतदान में शामिल होने के लिए कॉल की जा रही है। डीडीओ की तरफ से सभी खंड विकास अधिकारियों को प्रवासियों की सूची भेजने के साथ ही अध्यापकों की टीम गठित कर कॉल कराने और प्रतिदिन इसकी रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं। सीडीओ पुलकित गर्ग ने बताया कि सभी प्रवासियों को मतदान में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है, जिससे आयोग के निर्देशानुसार, मतदान प्रतिशत बढ़ाया जा सके।
डुमरियागंज में हैं सर्वाधिक प्रवासी
जिले में सर्वाधिक प्रवासियों की तादाद डुमरियागंज ब्लॉक में है। इस क्षेत्र के 29494 लोग दूसरे शहरों में हैं। इसके बाद, इटवा क्षेत्र के 27397 प्रवासी, खुनियांव के 23823, मिठवल के 19560, बर्डपुर के 15964 लोग बाहर हैं। जोगिया के 14080, उसका बाजार के 13957, शोहरतगढ़ के 13597, खेसरहा के 13562, बढ़नी के 10474, नौगढ़ के 9888, लोटन के 9888 और भनवापुर के 8481 प्रवासी हैं।