सिद्धार्थनगर। शाम ढलते ही जिले के बाजारों की रफ्तार तेज हो गई। बांसी के गांधी नगर बाजार, नौगढ़ के तेतरी बाजार, डुमरियागंज मुख्य बाजार, शोहरतगढ़ स्टेशन रोड और इटवा बाजार में खरीदारी का उत्साह साफ दिखाई दिया। कहीं कपड़ों की दुकानों पर भीड़ थी तो कहीं सेवईं, मसाले और घरेलू सामान लेने वालों की कतारें दिखीं।
बाजार में बच्चों की चहल-पहल, दुकानदारों की आवाजें और खरीदारों की जल्दबाजी ने बता दिया कि बकरीद अब बस कुछ घंटे दूर है।
बकरीद से पहले बुधवार को जिले के प्रमुख बाजारों में पूरे दिन हलचल बनी रही, लेकिन शाम होते-होते रौनक और बढ़ गई। कई बाजारों में दुकानों के बाहर वाहन खड़े दिखे और भीतर ग्राहकों की आवाजाही लगातार बनी रही। त्योहार को देखते हुए परिवार खरीदारी के लिए बच्चों के साथ बाजार पहुंचे। बांसी के गांधी नगर बाजार में कपड़ा और घरेलू सामान की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ नजर आई जबकि नौगढ़ के तेतरी बाजार में किराना, सेवईं और मसालों की खरीदारी तेज रही। डुमरियागंज और शोहरतगढ़ के बाजारों में भी शाम के समय खरीदारों की संख्या बढ़ती दिखाई दी। इटवा बाजार में छोटे कारोबारियों ने देर शाम तक दुकानें खुली रखीं।
महंगाई बाजार की बातचीत का हिस्सा जरूर रही, लेकिन खरीदारी के उत्साह पर उसका बड़ा असर नहीं दिखा। कई खरीदारों ने जरूरत और बजट के हिसाब से सामान खरीदा। दुकानदार अवधेश का कहना रहा कि त्योहार से पहले का अंतिम दिन हमेशा कारोबार के लिहाज से अहम होता है और अच्छी बिक्री की उम्मीद है।