खुनुवां। नेपाल के पूर्वी नवलपरासी के दुमकीबास में पूर्व-पश्चिम राजमार्ग पर बिनयी नदी में आई बाढ़ में एक यात्री बस बह गई। इसमें तीन बच्चों सहित 38 यात्री सवार थे। पुलिस की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला गया। घटना बृहस्पतिवार रात 11:00 बजे की बताई जा रही है।
जिला पुलिस कार्यालय, नवलपुर में सूचना अधिकारी डीएसपी मधु नेपाल ने बताया कि एक बस बाढ़ में बह गई। बस को करीब एक किलोमीटर नीचे की ओर पाया गया है। क्षेत्रीय पुलिस कार्यालय, दुमकीबास के पुलिस निरीक्षक राजन तिमिलसेना ने बताया कि बस से सभी सवारियों को सुरक्षित निकाला गया। उन्होंने बताया कि पिछले साल दिसंबर में एक भारतीय ओवरलोडेड ट्रक के पुल को तोड़ने के बाद इस सड़क पर डायवर्जन बनाया गया था, लेकिन बारिश के साथ आई बाढ़ ने डायवर्जन को बहा दिया है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है। डायवर्जन बह जाने के कारण यातायात बाधित है। दुमकीबास से दाउन्ने तक की सड़क कीचड़ से भरी हुई है, इसलिए वाहन बीच सड़क पर फंसे हुए हैं और ऊपर चढ़ने में असमर्थ हैं।