यूपी में ब्राह्मण और दलित सरकार के निशाने पर : सतीशचंद्र
- कस्बे में बसपा की ओर से प्रबुद्ध वर्ग की संगोष्ठी का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी (सिद्धार्थनगर)। उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण और दलित सरकार के निशाने पर हैं। सपा शासनकाल में अराजकता का माहौल होता है। जबकि बसपा के शासन में सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की नीति पर हर वर्ग की खुशहाली निहित होती है।
यह बातें बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने कही। वह शुक्रवार को नगर के एक मैरिज हाल में पार्टी की ओर से आयोजित प्रबुद्ध वर्ग की संगोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इससे पहले ब्राह्मण समाज का नाम भी कोई मंच से नहीं लेता था। पार्टी मुखिया ने मुझे मौका दिया कि जाओ समाज की आवाज उठाओ। आज ब्राह्मणों की चुन-चुन कर हत्या हो रही है। सरकार अपनी पीठ थपथपा रही है।
ब्राह्मण समाज की एकता बहुत जरूरी है। यूपी मे ब्राह्मण 16 प्रतिशत हैं। लगभग तीन करोड़ लोग इकट्ठा होकर समाज और राजनीति की दिशा बदल सकते हैं। कहा कि सीट जीतने के लिए 30 प्रतिशत होना चाहिए और इसके लिए अल्पसंख्यक और दलित समाज के बीच भाईचारा बनाया गया। बसपा ने समाज के हर क्षेत्र में ब्राह्मणों को पूरा सम्मान दिया है।
बसपा नेता नकुल दूबे ने कहा कि भाजपा ने कदम-कदम पर ब्राह्मण समाज का अपमान किया है। समय आ गया है कि समाज को दिशा देने वाला समाज भाजपा की बोरिया बिस्तर बांध कर उत्तराखंड पहुंचा दें। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ शंख बजाकर और ब्राह्मण शंख बजाएगा, हाथी बढ़ता जाएगा के नारों से किया गया। बाद में स्मृति चिन्ह, मुकुट, गदा, फरसा, मूर्ति, पुस्तक, फोटो, अंग वस्त्र, गणेश प्रतिमा, बुद्ध की प्रतिमा भेंट किया गया। संचालन ओपी त्रिपाठी ने किया। गोष्ठी को दिनेश चंद्र, विनय शंकर तिवारी, सैय्यदा खातून, अरशद खुर्शीद खान, पवन शर्मा, भगवान दास, केके गौतम, पीआर आजाद, दिनेश चंद गौतम, राजकुमार आर्य, कुलदीप मणि मिश्र, संजीव चौबे, वीएन त्रिपाठी, गुड्डू बाबा, राकेश दत्त त्रिपाठी, विपुल द्विवेदी, शमीम अहमद आदि मौजूद थे।