बैंक के शिविर में ऋण से स्वरोजगार देने पर हुआ मंथन
- किसानों को ऋण देने के लिए बड़ी धनराशि स्वीकृत
- नगर के एक हाल में आयोजित बैठक में योजनाओं के बारे में दी गई जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। शहर के एक होटल में बुधवार को आयोजित बैंकों के क्रेडिट कैंप में रियायती दर के ऋण से स्वरोजगार उपलब्ध कराने पर मंथन किया गया। इस मौके पर बैंक अधिकारियों ने योजनाओं के माध्यम से विकास की संभावनाओं की जानकारी दी, जबकि उपभोक्ताओं ने भी योजनाओं की जानकारी ली और आवेदन पर ऋण स्वीकृत किए गए हैं।
कैंप में सांसद जगदंबिका पाल ने बताया कि सरकार के विभिन्न रोजगार ऋण योजनाओं के माध्यम से बैंक ऋण मुहैया करा कर लोगों को स्वरोजगार उपलब्ध कराने का मौका प्रदान करती है। लाभार्थी आत्मनिर्भर होकर अपना जीवन यापन करते हैं।
डीएम संजीव रंजन नें बताया कि जनपद के ऋण जमानुपात में सुधार के लिए इस प्रकार के क्रेडिट कैंप के आयोजन की आवश्यकता है। उन्होंने समस्त बैंकों को निर्देश दिए कि वह ग्राहकों को सुविधानुसार ऋण मुहैया कराएं एवं महाप्रबंधक से आग्रह किया कि वह इस पहल को आगे बढ़ाते रहें। सीडीओ पुलकित गर्ग ने स्वरोजगार के लिए ग्राहकों से आग्रह किया और बताया कि स्वरोजगार किस प्रकार के आर्थिक विकास में सहायक होता है। क्षेत्रीय प्रबंधक क्षेत्र छह राहुल रंजन ने बताया कि विभिन्न बैंकों द्वारा बैंक के विभिन्न ऋण योजनाओं के तहत दिए गए लक्ष्य 100 करोड़ के सापेक्ष कुल 2091 लाभार्थियों को 91.00 करोड़ ऋण स्वीकृत किए गए हैं। इसमें कृषि के क्षेत्र में 1174 लाभार्थियों को 26.46 करोड़, खुदरा ऋण में 401 लाभार्थियों को 35.86 करोड़ एवं सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योग ऋण के अंतर्गत 516 लाभार्थियों को 28. 68 करोड़ की ऋण स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही सरकार के सामाजिक सुरक्षा योजना तहत 5240 लाभार्थियों को, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा, 6565 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं 2708 लाभार्थियों को अटल पेंशन योजना से इस अभियान के अंतर्गत लाभ दिया गया है।
इस दौरान विधायक जयप्रताप सिंह, विधायक विनय वर्मा, मा विधायक सैय्यदा खातून, महाप्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक नेटवर्क तीन लखनऊ आलोक कुमार सिन्हा, उप महाप्रबंधक गोरखपुर संजीव कुमार, सहायक महाप्रबंधक अग्रणी बैंक विभाग लखनऊ विभाष श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।