सीमा सील, नेपाल के सीडीओ पहुंच गए बढ़नी, वीडियो वायरल
परसा (सिद्धार्थनगर)। नेपाल के सीडीओ के बढ़नी रेलवे स्टेशन पर आने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे लेकर लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
नेपाल सरकार की ओर से भारत से व्यवसायिक वाहन को छोड़कर अन्य सभी वाहनों के प्रवेश पर कोरोना के कारण रोक लगाई गई है। इस कारण बढ़नी से नेपाल के कृष्णानगर में आवागमन बंद है। मगर सोमवार को नेपाल के कपिलवस्तु जनपद के जिला प्रमुख अधिकारी चक्रपाणि नेयुपाने अपने नेपाली नंबर प्लेट लगे वाहन से बढ़नी रेलवे स्टेशन तक आए और वहां से पुन: कुछ देर बाद वापस चले गए। उनके साथ कृष्णानगर प्रहरी के इंस्पेक्टर सुकदेव पौंडेल भी मौजूद रहे।
जिला प्रमुख अधिकारी के इस प्रकार नेपाली वाहन से भारतीय सीमा में प्रवेश करने का वीडियो वायरल होने पर लोगों ने दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के क्रियाकलाप पर सवाल खड़ा किया है। लोगों का कहना है कि अगर भारत का रहने वाला कोई व्यक्ति किसी आवश्यक कार्य से नेपाल में जाता है और नेपाल ट्रैफिक पुलिस की चपेट में आ जाता है तो उसके वाहन को बिना कुछ सुने ट्रैफिक पुलिस की ओर से सीज कर दिया जाता है। तब नेपाल के सीडीओ भारतीय सीमा में किस प्रोटोकॉल के तहत दाखिल हुए हैं। एएसपी सुरेशचंद रावत ने बताया कि भंसार चल रहा है। नेपाल की ओर से कोरोना के चलते रोक लगाई गई है। यहां रोक नहीं है। अधिकारी हैं, आ सकते हैं।