बर्डपुर। मोहाना थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भगवानपुर के टोला कोटिया में बृहस्पतिवार को एक विवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। इससे सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
जानकारी के अनुसार, कोटिया निवासी अजय यादव की पत्नी रीमा बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे घर के एक कमरे में गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजन को अनहोनी की आशंका हुई तो उन्होंने मोहाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा तो रीमा का शव छत की कुंडी से रस्सी के सहारे लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि अजय यादव की शादी वर्ष 2018 में हुई थी, जबकि वर्ष 2021 में गौना हुआ था। अजय रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहता था और घटना के समय घर पर मौजूद था।
पुलिस क्षेत्राधिकारी विश्वजीत शौर्यान ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।