भवानीगंज। डुमरियागंज-चंद्रीपघाट मार्ग पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में ई-स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। दुपट्टा गाड़ी के पिछले पहिये में फंसकर उलझ गया, जिससे महिला का गला कस गया और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, भवानीगंज थाना क्षेत्र में भड़रिया पुलिस बूथ चौराहे से करीब 500 मीटर आगे डुमरियागंज मार्ग पर शाम करीब पांच बजे यह हादसा हुआ। बलरामपुर जिले के त्रिलोकपुर थानाक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नावडीह निवासी मजीदुन्निशा (48) पत्नी अन्नू ई-स्कूटी से किसी कार्य से उतरौला जा रही थीं। इसी दौरान उनका दुपट्टा ई-स्कूटी के पिछले पहिये में फंस गया। देखते ही देखते दुपट्टा गले में कस गया, जिससे महिला संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़ी।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर भवानीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा ले गई, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष भवानीगंज विजय शंकर सिंह ने बताया कि महिला को उपचार के लिए सीएचसी बेंवा भेजा गया था, जहां उनकी मौत हो गई। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अन्य विधिक कार्रवाई डुमरियागंज थाने की पुलिस द्वारा की जाएगी।