: नौगढ़ विकास खंड के बसौनी-अहिरौली-जगदीशपुर राजा मार्ग
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। नौगढ़ विकास खंड के बसौनी-अहिरौली-जगदीशपुर राजा मार्ग बदहाल हो चुका है। जिला पंचायत से बनी 2.5 किमी लंबी इस सड़क पर डेढ़ फीट से अधिक गहरे गड्ढों की भरमार है। इसके कारण हल्की बारिश में सड़क तालाब बन गयी है। जिला पंचायत सूत्रों की मानें तो विभाग की सड़कों के निर्माण और मरम्मत के नाम पर प्रतिवर्ष करीब 70 करोड़ रुपये खर्च करता है। इसके बावजूद भी उसकी अधिकांश सड़कों की हालत नहीं सुधर पा रही है।
वर्तमान में इस सड़क पर घुटने भर पानी में घुसकर राहगीर आते-जाते हैं। इस मार्ग को पांच वर्ष पूर्व मानक की अनदेखी करके नवीकरण किया गया था। जिन स्थानों पर गड्ढे थे, उसमें गिट्टी के जगह मिट्टी डालकर बनाया गया था। इसके कारण सड़क छह माह के भीतर ही टूटकर गड्ढे में तब्दील हो गई थी। इसी मार्ग पर अहिरौली हाल्ट स्टेशन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 24 से अधिक परिषदीय विद्यालय एवं पल्टन नाथ सेमरा शिव मंदिर पड़ता है। इस मार्ग से प्रतिदिन कई गांवों के करीब एक हजार लोगों का आवागमन होता है। इसके बाद भी सड़क का निर्माण नहीं हो पा रहा है।
-
जिलाधिकारी को तहसील दिवस में सड़क की बदहाली दूर कराने के लिए शिकायत पत्र दिया गया था। बावजूद इसके सड़क की दशा सुधारने के लिए कोई जिम्मेदार अभी तक नहीं आए।
-राजेंद्र प्रसाद, अहिरौली
-
सड़क निर्माण शीघ्र नहीं किया गया तो संबंधित ग्रामीणों के साथ जिला पंचायत विभाग के कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
-भागीरथी यादव, अहिरौली
-
सड़क की हालत जानने के लिए अवर अभियंता के साथ निरीक्षण करेंगे। कार्ययोजना में शामिल कराकर शीघ्र ही नवीकरण कराया जाएगा।
-लालता प्रसाद, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत