-गंगवा छपिया में करीब 10 वर्ष पूर्व एएनएम सेंटर का निर्माण किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
पकड़ी बाजार। जोगिया ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत गंगवा छपिया में बना एएनएम सेंटर उपयोग के बिना ही खंडहर हो चुका है, जिससे लोगों को इसका फायदा नहीं मिल रहा है। क्षेत्र के लोगों ने इस एएनएम सेंटर को चालू कराने की मांग की है।
ग्राम पंचायत गंगवा छपिया में करीब 10 वर्ष पूर्व एएनएम सेंटर का निर्माण किया गया। निर्माण के बाद से अभी तक इसमें स्वास्थ्य सेवाएं शुरू नहीं हो पाई हैं। भवन का उपयोग न होने से जर्जर अवस्था में हो गया कमरे का एक भी दरवाजा एवं खिड़की नहीं है। जबकि खाली पड़ा रहने से ग्रामीण इसमें भूसा रख रहे हैं। भवन का निर्माण शुरू होने के बाद से ही स्वास्थ्य विभाग ने इस पर ध्यान नहीं दिया। अगर रात में किसी महिला का स्वास्थ्य खराब हो जाए तो शोहरतगढ़ या 30 किमी दूर मेडिकल कॉलेज में ही उसकी दवा हो पाती है।
एएनएम सेंटर चालू कराने के लिए लोगों ने कई बार मांग की है। क्षेत्र के प्रेम चंद निषाद, जनार्दन, चमनलाल, विजय, मदन, सुरज, अजय, राजन, रूदल, परशुराम आदि लोगों ने इसको सही कराने की मांग की है।
-
वर्जन
एएनएम सेंटर के बारे में जानकारी ली जाएगी। उसके बाद उसे सही करवाकर स्वास्थ्य सेवाओं को शुरू करवा दिया जाएगा, जिससे मरीजों को असुविधा नहीं हाेगी।
-डॉ. आरके चौरसिया, सीएमओ